सक्ती |
सक्ती जिले में स्थित Vedanta Group के पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे में 20 मजदूरों की मौत के बाद प्रबंधन की लापरवाही प्रथम दृष्टया सामने आने पर पुलिस ने कंपनी के चेयरमैन Anil Agarwal सहित 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस ने इस मामले में प्लांट हेड देवेंद्र पटेल समेत अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को भी आरोपी बनाया है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106, 289 और 3-5 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
गौरतलब है कि 14 अप्रैल को वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर ब्लास्ट में अब तक 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 घायल मजदूरों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है।
प्रशासन की ओर से जारी सूची के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों में 5 मजदूर छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, जबकि 15 मृतक अन्य राज्यों के रहने वाले बताए गए हैं।
हादसे के बाद से जिला प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था तथा तकनीकी खामियों की भी जांच की जा रही है।
