Advertisement Carousel

‘नकली सिगरेट साम्राज्य’ का भंडाफोड़, गोल्ड फ्लेक के नाम पर बेची जा रही थी डुप्लीकेट सिगरेट



4.50 लाख की नकली सिगरेट बरामद, गोदाम संचालक गिरफ्तार; पान ठेलों और दुकानों में होती थी सप्लाई


बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में ब्रांडेड सिगरेट के नाम पर चल रहे बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने इंडियन टोबैको कंपनी (आईटीसी) की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नकली सिगरेट के एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 4 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की नकली सिगरेट बरामद की और गोदाम संचालक को गिरफ्तार कर लिया।


मिली जानकारी के अनुसार, आईटीसी को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि शहर में ‘गोल्ड फ्लेक’ ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बाजार में खपाई जा रही है। कंपनी की ओर से बाजार से लिए गए सैंपल की जांच में सिगरेट पूरी तरह नकली पाई गई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस और कंपनी के अधिकारियों ने संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई की।


टीम ने महाराणा प्रताप चौक स्थित नगर निगम कॉलोनी में एक गोदाम पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 4 कार्टन नकली सिगरेट जब्त की, जिनकी कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से गोदाम संचालक रोशन चांदवानी को हिरासत में ले लिया।


प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह शहर के अलग-अलग इलाकों में फेरी लगाकर पान ठेलों और छोटी दुकानों में इन नकली सिगरेटों की सप्लाई करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नकली सिगरेट स्थानीय स्तर पर तैयार की जा रही थी या बाहर से मंगाई जा रही थी।


बताया जा रहा है कि व्यापार विहार जैसे बड़े थोक बाजार में भी लालच के चलते नकली सामान खपाने का यह गोरखधंधा लंबे समय से चल रहा है। इससे कंपनियों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ युवाओं और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ भी गंभीर खिलवाड़ हो रहा है।


फिलहाल सीएसपी निमितेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस इस पूरे सिंडिकेट और उससे जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि नकली सिगरेट के इस काले कारोबार की जड़ तक पहुंचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!