Advertisement Carousel

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निकला ऑनलाइन सट्टा गिरोह का मास्टरमाइंड, मुंबई से दबोचा गया बाबू खेमानी


रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने मुंबई और गोवा में एक साथ दबिश देकर कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया और एक बड़े ऑनलाइन सट्टा पैनल नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया।


पुलिस के अनुसार बाबू खेमानी अपने भाई करण खेमानी के साथ मिलकर पिछले करीब ढाई साल से 3Stumps, रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप, मेट्रो-65 और डायमंड मास्टर जैसे ऑनलाइन पैनलों के जरिए आईपीएल समेत अन्य मैचों पर सट्टा संचालित कर रहा था। वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की आड़ में हाई प्रोफाइल सट्टेबाजों से संपर्क कर उन्हें पैनल से जोड़ता था।


कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3 लैपटॉप, 18 मोबाइल फोन, 10 एटीएम कार्ड, एक राउटर, सट्टे का हिसाब-किताब और एक बीएमडब्ल्यू कार सहित करीब 60 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।


जांच में सामने आया है कि सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए गिरोह म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। एजेंटों के माध्यम से देशभर से खाते किराये पर लेकर उनमें करोड़ों रुपये का ट्रांजेक्शन किया जा रहा था। पुलिस इन खातों की भी जांच कर रही है।


पूछताछ में यह भी सामने आया है कि बाबू खेमानी कई बार दुबई और थाईलैंड की यात्रा कर चुका है, जिसके चलते उसके विदेशी कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।


पुलिस ने इस मामले में थाना गंज में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और बीएनएस की धारा 112(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद से रायपुर पुलिस ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक 11 मामलों में 64 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 2.96 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!