कोरबा, उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत फरसवानी टोल नाका के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, परिवार शादी समारोह से लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़ी कोयला लोड हाइवा से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में मोंगरा सोनी (45 वर्ष), देवेंद्र सोनी (22 वर्ष) और ढाई वर्षीय मासूम प्रियांश की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए चांपा अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो अन्य की स्थिति स्थिर है। मृतकों में से देवेंद्र सोनी को जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं मोंगरा सोनी और मासूम प्रियांश के शवों को बीडीएम अस्पताल चांपा में रखा गया है, जहां पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
