रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah की अध्यक्षता में 19 मई को बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी। बैठक की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। अधिकारियों ने परिषद में उठाए जाने वाले विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया, जिस पर मुख्यमंत्री ने विस्तार से समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में मध्य क्षेत्रीय परिषद के राज्यों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह परिषद आपसी सहयोग और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है, जहां सदस्य राज्यों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय परिषदें केंद्र और राज्यों के बीच संवाद, सहयोग और प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने का प्रभावी मंच बन चुकी हैं। “मजबूत राज्य ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं” की भावना के साथ परिषदें राष्ट्रीय एकता और विकास को नई दिशा दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में इस राष्ट्रीय स्तर की बैठक का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति स्थापना के बाद इस स्तर की बैठक का आयोजन यह दर्शाता है कि राज्य सरकार बस्तर के विकास और नई संभावनाओं को लेकर गंभीर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन के प्रयासों से बस्तर में शांति स्थापित हुई है और अब क्षेत्र विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।
