रायपुर, 20 मई। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को नवा रायपुर स्थित निर्माणाधीन लोकभवन और नए विधानसभा भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा को ‘पेपरलेस’ बनाने के लिए तकनीकी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और CHiPS के अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने विधानसभा भवन के सदन, लॉबी, मीडिया ब्रीफिंग एरिया, समिति कक्ष, मुख्यमंत्री कार्यालय, विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय तथा मंत्रियों के कार्यालयों का जायजा लिया। उन्होंने मानसून सत्र से पहले भवन की सभी कमियों को दूर करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही सभी कार्यालयों में समुचित फर्नीचर और बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा।
श्री बंसल ने विधानसभा परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था और वाहन चालकों के लिए सर्वसुविधायुक्त ड्राइवर रूम बनाने के निर्देश भी दिए। प्रवेश द्वार क्रमांक-3 में आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय और ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के लिए कैंटीन बनाने का सुझाव भी दिया गया।
लोकभवन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सौंदर्य और उपयोगिता का विशेष ध्यान रखने को कहा। निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाकर जल्द से जल्द परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
