Advertisement Carousel

126 क्विंटल DAP खाद और मेंटाडोर जब्त, ₹8.78 लाख की संपत्ति पर कार्रवाई

गरियाबंद पुलिस ने किसानों के हितों की सुरक्षा और खाद की कालाबाजारी रोकने के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। देवभोग थाना क्षेत्र के ग्राम तेतलखुटी में अवैध रूप से परिवहन की जा रही 126 क्विंटल DAP खाद और एक मेंटाडोर वाहन को जब्त किया गया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 8 लाख 78 हजार रुपये आंकी गई है।



मुखबिर की सूचना पर देवभोग पुलिस ने घेराबंदी कर मेंटाडोर वाहन क्रमांक CG 07 CK 3719 को रोका। जांच के दौरान वाहन से DAP खाद की 280 बोरियां बरामद हुईं। प्रत्येक बोरी में लगभग 45 किलो खाद भरी थी, जिससे कुल 12 हजार 600 किलो यानी 126 क्विंटल DAP खाद बरामद की गई।

वाहन चालक युधिष्ठिर दनता से खाद परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने खाद और वाहन को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

बरामद DAP खाद की कीमत करीब 3 लाख 78 हजार रुपये और वाहन की कीमत 5 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामले की जानकारी कृषि विभाग को भेज दी है और खाद के स्रोत, गंतव्य तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!