ओड़ेकेरा पंचायत की 30 महिलाओं को तीन माह का प्रशिक्षण, स्वरोजगार की दिशा में बढ़ रहे कदम
सक्ती। वेदांता पावर लिमिटेड के सक्ती थर्मल प्लांट द्वारा संचालित ‘सखी परियोजना’ के तहत ग्राम पंचायत ओड़ेकेरा की 30 महिलाओं को तीन माह का ब्यूटी वेलनेस प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में हेयर स्टाइलिंग, मेकअप, हेयर स्पा, ब्लिचिंग, थ्रेडिंग और वैक्सिंग जैसी तकनीकों की जानकारी दी जा रही है, जिससे महिलाएं प्रशिक्षण पूरा होने के बाद स्वरोजगार शुरू कर सकें।
परियोजना का संचालन स्वयंसेवी संस्था ‘स्रोत’ के सहयोग से किया जा रहा है। प्रशिक्षु चंद्रकुमारी राठिया, पद्मा राठिया और विजया चौहान ने बताया कि इस प्रशिक्षण से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। पूर्व सरपंच नान कुंवर राठिया ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका का बेहतर माध्यम बन रहे हैं।
वेदांता पावर की ‘सखी परियोजना’ के तहत सिंघीतराई, निमोही और ओड़ेकेरा पंचायतों में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं, जिनसे करीब 120 महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। कंपनी का उद्देश्य सामुदायिक विकास कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाकर क्षेत्र के समग्र विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
