Advertisement Carousel

तीन दिन से रेलवे आरक्षण केंद्र बंद, टिकट दलाली के आरोपों से हड़कंप


कोरिया। बैकुंठपुर का शहरी रेलवे आरक्षण केंद्र पिछले तीन दिनों से बंद है। इससे रोजाना आरक्षित टिकट बनवाने पहुंच रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को अब टिकट आरक्षण के लिए बैकुंठपुर रोड स्थित चरचा रेलवे स्टेशन जाना पड़ रहा है।


जानकारी के मुताबिक, आरक्षण केंद्र में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर से आरपीएफ द्वारा पूछताछ की जा रही है। आरोप है कि बैकुंठपुर के आरक्षण केंद्र से बनारस से मुंबई समेत अन्य शहरों के लिए टिकट बनाए गए हैं। हालांकि पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


इस कार्रवाई के बाद कोरिया-सूरजपुर-सरगुजा क्षेत्र के रेलवे आरक्षण केंद्रों से दूसरे शहरों के टिकट बनाए जाने के कथित नेटवर्क को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि एक गिरोह लंबे समय से स्थानीय आरक्षण केंद्रों पर नंबर लगाकर दूसरे शहरों के यात्रियों के लिए टिकट बनवाता है और बाद में बस या निजी वाहनों के जरिए टिकट संबंधित लोगों तक पहुंचाए जाते हैं।


मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से चल रही थीं तो रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस कथित नेटवर्क पर पहले क्यों नहीं पड़ी। वहीं, तीन दिनों से आरक्षण केंद्र बंद रहने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और नगर पालिका प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।


हालांकि टिकट दलाली और कथित नेटवर्क से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!