Advertisement Carousel

पं. प्रदीप मिश्रा ने शासकीय स्कूलों में मंत्रोच्चारण की पहल को सराहा


शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने जयंती स्टेडियम पहुंचकर सुनी शिव महापुराण कथा, आरती में हुए शामिल


रायपुर/दुर्ग। भिलाई के जयंती स्टेडियम में विश्व प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से चल रही श्री शिव महापुराण कथा के चौथे दिन शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। मंत्री यादव ने व्यासपीठ पर पहुंचकर पंडित प्रदीप मिश्रा का आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं के बीच बैठकर कथा का श्रवण किया। उन्होंने आरती में भी सहभागिता की तथा भगवान शिव से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।


कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने छत्तीसगढ़ के शासकीय स्कूलों में प्रार्थना के समय मंत्रोच्चारण की पहल की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक चेतना का भी महत्वपूर्ण स्थान है। स्कूलों में मंत्रोच्चारण जैसी पहल बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ ही एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक हो सकती है।


पंडित मिश्रा ने शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और छत्तीसगढ़ शासन के इस प्रयास को बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा संस्कारवान पीढ़ी के निर्माण की दिशा में सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि बचपन में मिले अच्छे संस्कार जीवनभर व्यक्ति के व्यक्तित्व और चरित्र को मजबूत करते हैं।


शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि जयंती स्टेडियम में पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से श्री शिव महापुराण कथा सुनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि पंडित जी से आत्मीय भेंट के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कारवान बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।


उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान और रोजगार हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों और संस्कारों के विकास का भी आधार है। स्कूलों में प्रार्थना और मंत्रोच्चारण के माध्यम से बच्चों में सकारात्मक सोच, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के प्रति जुड़ाव बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से समृद्ध नई पीढ़ी ही विकसित और सशक्त छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगी।


मंत्री यादव ने भव्य धार्मिक आयोजन के लिए बोल बम सेवा समिति के संयोजक दया सिंह और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने विश्व के सबसे बड़े अस्थायी पंडाल का वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने पर आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।


गौरतलब है कि 17 अगस्त से जयंती स्टेडियम में पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा श्री शिव महापुराण कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भिलाई पहुंच रहे हैं।


कथा के चौथे दिन पंडित प्रदीप मिश्रा ने भगवान शिव में विश्वास और सच्ची श्रद्धा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण मनुष्य के भीतर विश्वास और भरोसा पैदा करती है। इस दौरान उन्होंने ‘श्री शिवाय नमस्तुभ्यं’ मंत्र की महिमा बताई और श्रद्धालुओं को भगवान शिव की भक्ति तथा नियमित जलाभिषेक के महत्व से अवगत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!