भूमि अधिग्रहण, परियोजना क्रियान्वयन, सड़क सुरक्षा और गुणवत्ता पर राज्यों के मंत्रियों-अधिकारियों ने किया मंथन
रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव गुजरात के नर्मदा में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर में शामिल हुए। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से “गतिशक्ति से प्रगति” थीम पर आयोजित शिविर का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया। केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी मौजूद रहे।
शिविर में देशभर के राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के सड़क निर्माण विभागों के मंत्री, अधिकारी, विशेषज्ञ और नीति निर्माता हिस्सा ले रहे हैं। छत्तीसगढ़ से अरुण साव के साथ लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी, अपर सचिव एसएन श्रीवास्तव और राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप भी शामिल हुए।
पहले दिन तीन सत्रों में पीएम गतिशक्ति के जरिए एकीकृत अधोसंरचना नियोजन, भूमि अधिग्रहण में तेजी, भूमि राशि के प्रभावी उपयोग, परियोजना प्रबंधन और मॉडल कंसेशन एग्रीमेंट फ्रेमवर्क जैसे विषयों पर चर्चा हुई। दूसरे दिन सुरक्षित राजमार्गों के डिजाइन, सड़क सुरक्षा, गुणवत्ता आश्वासन और परियोजना मॉनिटरिंग पर मंथन होगा।
छत्तीसगढ़ की प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर भी फोकस
चिंतन शिविर में तय होने वाले फ्रेमवर्क छत्तीसगढ़ की प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लिए भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। प्रदेश में रायपुर-जगदलपुर, बिलासपुर-रायगढ़, कटघोरा-अंबिकापुर और रायपुर-सारंगढ़ फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्गों की कार्ययोजना पर काम चल रहा है। भूमि अधिग्रहण से लेकर निर्माण की गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा तक के मानकों को बेहतर बनाने से इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है।
