Advertisement Carousel

कांग्रेस शहर अध्यक्ष ने नपा अधिकारी को सौपा ज्ञापन दी चेतावनी व्यवस्था नही सुधरी तो होगा आंदोलन

कोरिया चरचा / शहर कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने नगर पालिका शिवपुर चरचा क्षेत्र की बदतर सफाई व्यवस्था एवं विभागीय लापरवाही के विरुद्ध नगर पालिका कार्यालय में पहुंच कर पहले तो पालिका अधिकारी को जमकर खरी – खोटी सुनाई और तत्काल कार्य प्रारंभ करने की मांग संबंधी ज्ञापन दिया। ज्ञापन में उल्लेखित किया गया की क्षेत्र में किसी प्रकार की बीमारी फैलती है या इस प्रकार की कोई परिस्थिति निर्मित होती है तो उसके लिए नगर पालिका प्रशासन शिवपुर चरचा जिम्मेदार होगा।

इस दौरान मोहम्मद जानू वसीम उपाध्यक्ष नगर पालिका शिवपुर चरचा, पंकज मिश्रा, संजय राय महामंत्री शहर कांग्रेस, विक्रांत सिंह, विक्रम सिंह राजपूत, मनीष, संजू देओल, हरीश यादव सहित कई कांग्रेसी उपस्थित थे।

विदित हो कि चरचा कालरी क्षेत्र डेंगू प्रभावित क्षेत्र है दो वर्ष पूर्व डेंगू की वजह से सात लोगों की असमय मृत्यु हो गई थी। वही दर्जनों लोग डेंगू से प्रभावित होने की वजह से चरचा से सैकड़ों किलोमीटर दूर जाकर इलाज कराने को मजबूर हुए रहे। उस दौरान पूरे क्षेत्र में भय का वातावरण बन गया था। कई लोग अपने घरों को छोड़कर अन्यत्र अन्य राज्यों में अपने परिजनों को भेज दिए थे।

भूपेंद्र यादव शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने पालिका अधिकारी से कहा कि पूरे पालिका क्षेत्र में सफाई की बहुत ही बदहाल व्यवस्था है, नालियां गंदगी से भरी पड़ी है और मच्छरों की भरमार हो गई है। कीटनाशकों का समय पर छिड़काव नही होने की वजह से बीमारियों में इजाफा लगातार हो रहे है। गाजर घास चारों तरफ फैला पड़ा है पालिका द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों की तरफ तनिक भी ध्यान नहीं दिया जाता है। पालिका द्वारा अपने चहेते वार्ड में ही मात्र साफ सफाई कराई जाती है जिससे नगर वासियों में काफी आक्रोश है।

आगे कहा कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के प्रति नगरपालिका पूरी तरह उदासीन हो गया है। नगर पालिका अधिकारी अपने कमरे से बाहर निकलते ही नहीं एयर कंडीशनर की हवा उन्हें बाहर जाने ही नहीं देती है और वह भी ऑफिस में बैठे-बैठे ज्यादा काम का बहाना करते हैं, पूछने पर कहते हैं कि मैं ऑफिस में बैठकर ही मानिटरिंग काम करता हूं। मूलभूत समस्याएं यथावत बनी हुई है यही वजह है कि ग्रामीण जनों की दूरी नगरपालिका से बढ़ते जा रही है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा है कि नगर पालिका अधिकारी से पूर्व में भी साफ सफाई की व्यवस्था को लेकर निवेदन किया गया था। किंतु कार्यवाही नहीं की गई। आने वाले समय मे अगर व्यवस्था नही सुधारी जाती है तो स्थानीय जनता के साथ जबरदस्त आंदोलन किया जावेगा।

बता दे कि नगर पालिका शिवपुर चरचा में बड़ी ही विषम परिस्थिति बनी हुई है। नगर पालिका की सत्ता में कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष अजीत लाकड़ा पदासीन है जो अपने 2 वर्ष के कार्यकाल में बहुत से विकास कार्य करने की बात कहते आ रहे हैं और साथ ही स्वयं नगरपालिका कार्यालय में तालाबंदी कर अपना विरोध प्रकट करते हुए फेसबुक में लाइव डालते हैं। पूरे प्रदेश में संभवता यह पहले नगर पालिका अध्यक्ष हैं जो अपने कार्यालय में स्वयं अपना ही ताला बंदी करते हैं और तालाबंदी के आधे घंटे बाद फिर ताला खोल लेते हैं अभी कुछ दिनों पूर्व भाजपा मंडल शिवपुर चरचा के द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष की मनमानी भ्रष्टाचार व पालिका प्रशासन की लचर व्यवस्था के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद अब शहर कांग्रेस अध्यक्ष व कई कांग्रेसियों के द्वारा के अपना विरोध प्रकट करना यह साबित करता है कहीं ना कहीं कुछ तो गड़बड़ है।

जैसा कि आपको मालूम है कि नपा. की कुर्सी में कांग्रेस के अध्यक्ष बैठे हुए है और इनके विरोध में भी कांग्रेस के लोग ही बिलकुल आमने सामने है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी पर भी बड़ा सवाल उठते दिखाई दे रहे है। खैर अब अंदुरनी बात जो भी हो जनता के पक्ष से आवाज उठी है तो उसका हल होना चाहिए।

error: Content is protected !!