रायपुर। जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही बरतने वाली निर्माण एजेंसियों पर रायपुर जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर 8 ग्रामों की निविदाएं निरस्त कर दी गई हैं।
जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में कार्यपालन अभियंता एवं सदस्य सचिव ने बताया कि संबंधित निर्माण एजेंसियों ने कार्यों में घोर लापरवाही बरतते हुए काम बंद कर दिया था। कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद एजेंसियों ने कार्य पूर्ण करने में रुचि नहीं दिखाई। पेयजल जैसी आवश्यक सेवा प्रभावित होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसियों के अनुबंध तत्काल निरस्त करने और पुनः निविदा जारी करने के निर्देश दिए।
जिन ग्रामों की निविदाएं निरस्त की गई हैं, उनमें आरंग ब्लॉक के गोढ़ी, राटाकाट और मालीडीह, अभनपुर ब्लॉक के हसदा और टीला, धरसींवा ब्लॉक के सारागांव और तर्रा तथा तिल्दा ब्लॉक का छपोरा गांव शामिल है।
प्रशासन ने संबंधित एजेंसियों की जमा EMD राशि राजसात करने और भविष्य की जल जीवन मिशन निविदाओं से उन्हें वंचित रखने के निर्देश भी दिए हैं। बताया जा रहा है कि जिले में इस स्तर की कार्रवाई पहली बार की गई है।
