खुद को अविवाहित बताकर तीन साल तक बनाया शारीरिक संबंध, शादी से मुकरने पर मामला दर्ज
बिलासपुर जिले में एक बार फिर खाकी दागदार हुई है। एक पुलिस आरक्षक पर शादी का झांसा देकर युवती से तीन साल तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगा है। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी आरक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में पीड़िता की आरोपी से सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी। आरोप है कि आरक्षक ने खुद को अविवाहित बताकर युवती से विवाह का वादा किया, जबकि वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।
पीड़िता का आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने तीन वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने विवाह का दबाव बनाया तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। घटना के समय आरोपी तखतपुर थाने में पदस्थ था।
इसके बाद पीड़िता ने तखतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
