Advertisement Carousel

कोंडागांव में मंत्री केदार कश्यप के काफिले में हादसा, 6 घायल

Oplus_16908288


कोंडागांव। वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले में रविवार को बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जूनवानी के पास सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी और इसके बाद फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे में मंत्री केदार कश्यप बाल-बाल बच गए, जबकि फॉलो वाहन में सवार मंत्री के PA समेत छह लोग घायल हुए हैं।


हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। हादसे में फॉलो वाहन को भी काफी नुकसान पहुंचा है।


घायलों में मंत्री के PA अनुराग शर्मा को सीने में दर्द होने के कारण रायपुर रेफर किया गया है। ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य के सिर, चेहरे और पैर में चोट आई है, उन्हें भी रायपुर रेफर किया गया। प्रधान आरक्षक राजेश नेताम और आरक्षक सुगंतिन उसेंडी के सिर में गंभीर चोट बताई गई है और दोनों को रेफर किया गया है।


इसके अलावा आरक्षक त्रिलोतमा मदरू के सिर, सीने, पीठ और दाहिने हाथ में चोट आई है, जबकि आरक्षक नर्मदा मरकाम के सिर और बाएं कंधे में चोट लगी है।


बताया जा रहा है कि मंत्री का काफिला फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान जूनवानी के पास यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और स्कॉर्पियो चालक तथा दुर्घटना की परिस्थितियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!