Advertisement Carousel

नई सरकार में 11 लाख से अधिक पीएम आवास पूर्ण, 4 लाख निर्माणाधीन – DCM शर्मा


रायपुर, 23 अगस्त। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर आंकड़ों के जरिए भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि संसद में छत्तीसगढ़ से सांसद बृजमोहन अग्रवाल के सवाल पर केंद्र सरकार की ओर से मिले जवाब ने राज्य सरकार के दावों की पुष्टि की है।


शर्मा ने रविवार को अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश में नई सरकार के गठन के बाद अब तक 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के मकान पूर्ण किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।


पहली कैबिनेट में 18 लाख से अधिक आवासों का संकल्प
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही पात्र परिवारों के लिए 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कर निर्माण पूरा कराने का संकल्प लिया गया था। इसी के तहत पुराने और नए वित्तीय वर्षों के स्वीकृत आवासों को आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य पूरा कराया जा रहा है।
पिछले वित्तीय वर्ष में 5.92 लाख आवास पूर्ण
शर्मा के मुताबिक पिछले वित्तीय वर्ष में छत्तीसगढ़ में 5 लाख 92 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गए। उन्होंने इसे देश में सर्वाधिक आवास पूर्ण होने की उपलब्धि बताया। विभाग द्वारा निर्माणाधीन आवासों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि हितग्राहियों को जल्द से जल्द पक्के मकान का लाभ मिल सके।


20.40 लाख मकानों का निर्माण पूरा
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2011 और 2018 की पात्रता सूची में पात्र पाए गए सभी आवासों को स्वीकृति दी जा चुकी है। कुल स्वीकृत आवासों में से अब तक 20 लाख 40 हजार मकानों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि करीब 4 लाख आवास निर्माणाधीन हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूर्ण हुए 11 लाख से अधिक आवासों में पिछले वित्तीय वर्षों में स्वीकृत और लंबे समय से लंबित आवास भी शामिल हैं।

आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर ऐसे आवासों को भी पूरा कराया गया है।
मुख्यमंत्री आवास योजना और जनमन के आवास भी शामिल
शर्मा ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत आवास भी पूर्ण किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत करीब 48 हजार आवासों में से लगभग 20 हजार पूरे हो चुके हैं। वहीं प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत करीब 23 हजार आवास भी इसमें शामिल हैं। विशेष परियोजनाओं के तहत स्वीकृत आवासों को भी पूरा कराया जा रहा है।


भूपेश बघेल को चर्चा की चुनौती
विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में यदि गरीबों के आवास को लेकर काम किया जाता तो बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवार आवास से वंचित नहीं होते। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल आंकड़ों के जरिए भ्रम फैलाने के बजाय किसी भी मंच पर प्रधानमंत्री आवास के मुद्दे पर चर्चा करें, सरकार इसके लिए तैयार है।


शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल आवास स्वीकृत करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र गरीब परिवार को शीघ्र पक्की छत उपलब्ध कराना है। करीब चार लाख निर्माणाधीन आवासों को भी जल्द पूरा कराने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!