Advertisement Carousel

कांवड़ियों के बीच पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा, प्रसादी वितरण कर साथ बैठकर किया भोजन


रायपुर, 24 अगस्त 2026। सावन माह के अंतिम सोमवार के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने मां नर्मदा के दर्शन कर नर्मदा उद्गम स्थल स्थित नर्मदा कुंड में विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों के बीच पहुंचकर उनके साथ आत्मीयता से समय बिताया।


विजय शर्मा ने मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों को भोजन प्रसादी वितरित की और उनके साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण की। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी यात्रा और रास्ते में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।


भोरमदेव से अमरकंटक तक करीब 150 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य, सुरक्षा, भोजन और ठहरने की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ पेट्रोलिंग दल तैनात किए गए हैं।


अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को दाल-भात, सब्जी के साथ खीर, पूरी और हलवा उपलब्ध कराया जा रहा है।


उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भोरमदेव से अमरकंटक तक श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि भक्तजन श्रद्धा और उत्साह के साथ अपनी कांवड़ यात्रा पूरी कर सकें।

error: Content is protected !!