Advertisement Carousel

गरियाबंद में 4 क्विंटल गांजा जब्त, 2 करोड़ की खेप के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार

गरियाबंद। देवभोग पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र पासिंग मेटाडोर से करीब 4 क्विंटल गांजा जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है। मामले में पुलिस ने नवी मुंबई निवासी पंकज मोहिते समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6.50 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।


पुलिस के अनुसार तस्कर ओडिशा से गांजा लेकर महाराष्ट्र की ओर जा रहे थे। देवभोग सीमा पर स्थित चेक पोस्ट में मेटाडोर की जांच के दौरान पुलिस को वाहन में गांजा छिपाकर ले जाने का संदेह हुआ। तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान नवी मुंबई निवासी पंकज मोहिते और उसके दो सहयोगियों के अलावा ओडिशा के कालाहांडी निवासी पैडलर जालंधर खमारी तथा उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस ने आरोपियों से तस्करी में इस्तेमाल वाहन और गांजे के अलावा नकदी भी जब्त की है। मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


18 अगस्त को भी पकड़ी थी 75 लाख की खेप


देवभोग पुलिस ने इससे पहले 18 अगस्त को भी मेटाडोर से गांजा तस्करी करते हुए मध्यप्रदेश के तस्करों को पकड़ा था। उस कार्रवाई में करीब 75 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद किया गया था। लगातार हो रही कार्रवाई से गांजा तस्करों में हड़कंप की स्थिति है।


8 माह में 10 करोड़ से अधिक का गांजा जब्त


पुलिस के अनुसार पिछले 8 महीनों में गरियाबंद रूट पर 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का गांजा जब्त किया जा चुका है। इस दौरान गांजा तस्करी के मामलों में 80 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते गांजा महाराष्ट्र और अन्य राज्यों तक पहुंचाने वाले नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!