Advertisement Carousel

चक्रधर समारोह में सजेगी सुर, ताल और संस्कृति की दस दिवसीय महफिल


रायगढ़, 10 सितंबर 2026। रायगढ़ में 14 से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले 41वें अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह-2026 में देश-प्रदेश के नामचीन कलाकार कला और संस्कृति के विविध रंग बिखेरेंगे। रामलीला मैदान में प्रतिदिन शाम 6 बजे से होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में शास्त्रीय नृत्य, पंडवानी, लोकसंगीत, कबीर भजन, गजल, वाद्य वादन और लोकप्रिय गायन की प्रस्तुतियां होंगी।


समारोह का शुभारंभ 14 सितंबर को गणेश वंदना से होगा। इसके बाद पद्मश्री अनुज शर्मा लोक कला एवं संगीत और पद्मश्री डॉ. उषा बारले पंडवानी की प्रस्तुति देंगी। 15 से 22 सितंबर तक कथक, कुचिपुड़ी, ओडिसी, भरतनाट्यम, मणिपुरी, कथकली, गोटीपुआ सहित विभिन्न शास्त्रीय एवं लोक विधाओं की प्रस्तुतियां होंगी।


20 सितंबर की शाम इंडियन आइडल फेम अमित साना के गायन और 19 सितंबर को पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा की काव्य प्रस्तुति खास आकर्षण रहेगी। वहीं 18 सितंबर को पद्मश्री भारती बंधु कबीर भजनों से आध्यात्मिक रंग भरेंगे।


समारोह का भव्य समापन 23 सितंबर को होगा। अंतिम शाम पद्मश्री कविता कृष्णमूर्ति और जान कुमार सानू अपनी गायकी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। दस दिनों तक चलने वाला यह आयोजन रायगढ़ को सुर, ताल, नृत्य और लोक संस्कृति के बड़े केंद्र के रूप में प्रस्तुत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!