Advertisement Carousel

30 लाख की उधारी और तीन महीने का ब्याज बना खूनी खेल, साथी शिक्षक ही निकला हत्यारा


रायपुर/आरंग। आरंग थाना क्षेत्र के बनचरौदा में शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे 30 लाख रुपए की उधारी और तीन महीने के ब्याज का विवाद सामने आया है। मामले में मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया गया है।


पुलिस के अनुसार दोनों शिक्षक पिछले करीब चार साल से एक-दूसरे को जानते थे और रेत, रियल एस्टेट तथा बुलियन मार्केट में ट्रेडिंग करते थे। आरोपी का दावा है कि उसने मृतक को करीब 30 लाख रुपए उधार दिए थे और इसके बदले तीन ब्लैंक चेक लिए थे। तीन महीने से ब्याज नहीं मिलने और विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने हत्या की साजिश रची।


17 सितंबर को दोनों की मुलाकात कुम्हारी स्कूल के बाहर हुई। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके में पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले धारदार हथियार से सिर पर वार किया और फिर हथौड़े से सिर व चेहरे पर हमला कर शिवकुमार की हत्या कर दी।


जांच में स्कूल के CCTV फुटेज और शिक्षा विभाग के VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट अहम कड़ी बनी। पुलिस के मुताबिक आरोपी सुबह स्कूल आने के बाद मोबाइल लोकेशन बंद कर बाहर गया और हत्या के बाद लौटकर अपने मोबाइल के बजाय साथी शिक्षक के मोबाइल से VSK ऐप पर उपस्थिति दर्ज की।


पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर स्कूटी, हथियार, हथौड़ा, तीन ब्लैंक चेक, मृतक का पर्स, दोनों मोबाइल और खून से सने कपड़े-जूते-मोजे जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!