रायपुर, 5 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ ने डिजिटल अर्थव्यवस्था और ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। सिंगापुर में आयोजित प्रथम SING Forum 2026 में प्रदेश को कुल ₹43,250 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की प्रतिबद्धताएं मिली हैं। इसमें सबसे बड़ा प्रस्ताव सिंगापुर की एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड का है, जो छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए ₹41,750 करोड़ का निवेश करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में राज्य के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। उन्होंने एनर्जी कैपिटल ग्लोबल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टानिस्लाव बोरिसोव को ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ सौंपा। कंपनी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा आधारित एआई-रेडी डेटा सेंटर विकसित करने और वित्तपोषण के क्षेत्र में काम करती है।
कंपनी के सीईओ बोरिसोव ने कहा कि एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जरूरी ऊर्जा, भूमि और राजनीतिक इच्छाशक्ति छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। कंपनी मध्य भारत का सबसे बड़ा एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के साथ स्थानीय इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने की दिशा में भी काम करेगी।
सोलर और बैटरी स्टोरेज में भी बड़ा निवेश
फोरम में सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सोलर, बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स के लिए ₹1,500 करोड़ के FDI प्रस्ताव की जानकारी भी सामने आई। इससे प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि निवेश प्रस्ताव छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और मानव संसाधन पर निवेशकों के भरोसे का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर पैदा होंगे तथा प्रदेश विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ेगा।
450 से ज्यादा सुधारों का दिया हवाला
फायरसाइड चैट में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार बंद कमरों में बैठकर सुधार तय नहीं करती, बल्कि उद्योग जगत से सीधे उनकी समस्याएं पूछकर व्यवस्था में बदलाव करती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं और यह ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ लगातार जारी रहेगी।
साय ने दावा किया कि सुधारों, प्रगतिशील औद्योगिक नीति और सक्रिय सरकार के चलते छत्तीसगढ़ को पिछले 18 महीनों में ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
फोरम में सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
मास्टरकार्ड, आईएचसीएल (ताज होटल्स) और नेस्ले समेत कई वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने फोरम से इतर एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। इन बैठकों में औद्योगिक अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
6 अक्टूबर को CEO राउंडटेबल में मुख्यमंत्री साय सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इससे छत्तीसगढ़ में निवेश की इस नई गति को और आगे बढ़ाने की उम्मीद है।
