बिहार और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के बीच जमकर मारपीट, सरपंच की गाड़ी में तोड़फोड़; भारी पुलिस बल तैनात
रायपुर। रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट में सोमवार को बिहार और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव शुरू हो गया। घटना में पुलिस के टीआई (TI) के घायल होने की खबर है। वहीं उपद्रव के दौरान सरपंच की गाड़ी को भी निशाना बनाया गया और उसमें जमकर तोड़फोड़ की गई। अचानक हुई इस हिंसक घटना से प्लांट परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, प्लांट में काम करने वाले बिहार और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के बीच फैक्ट्री के भीतर शराब नही ले जाने की किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शुरुआत में मामूली कहासुनी के रूप में सामने आया विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच संघर्ष में बदल गया। दोनों ओर से पथराव होने लगा, जिससे हालात बेकाबू हो गए। स्थिति को संभालने पहुंचे पुलिस अधिकारियों को भी उपद्रव का सामना करना पड़ा। इसी दौरान टीआई के घायल होने की सूचना है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। सरपंच की गाड़ी में तोड़फोड़ किए जाने से मामला और गंभीर हो गया है। फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह और हिंसा में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
