Advertisement Carousel

प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल: छत्तीसगढ़ को मिलीं बड़ी सौगातें, नेताम ने गिनाईं उपलब्धियां


रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मोदी का 25 वर्षों का सफर सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की यात्रा है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ से विशेष आत्मीय संबंध रहा है और उनके नेतृत्व में प्रदेश को कई बड़ी विकास परियोजनाओं और केंद्रीय योजनाओं का लाभ मिला है।


नेताम के मुताबिक, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के जरिए देश के करीब 81 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न मिल रहा है। छत्तीसगढ़ में उज्ज्वला योजना से 39.54 लाख महिलाओं को लाभ मिला, जबकि जल जीवन मिशन के तहत 41.50 लाख ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाने का दावा किया गया। आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा और 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को योजना में शामिल किए जाने को भी उन्होंने बड़ी उपलब्धि बताया।


किसानों के खातों में 11 हजार करोड़ से ज्यादा
कृषि मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के 25.51 लाख किसानों के खातों में 11,277 करोड़ रुपये से अधिक की पीएम किसान सम्मान निधि सीधे अंतरित की जा चुकी है। सिंचाई, आधुनिक कृषि तकनीक, फसल बीमा और किसान पंजीयन के जरिए कृषि व्यवस्था को मजबूत करने का दावा भी उन्होंने किया।


रोज बन रहे करीब 1600 पक्के मकान
प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए नेताम ने कहा कि प्रदेश में रोजाना औसतन करीब 1,600 पक्के मकानों का निर्माण हो रहा है। 30 मार्च 2025 को 3 लाख हितग्राहियों के गृह प्रवेश और 1 नवंबर 2025 को 3.51 लाख आवासों के गृह प्रवेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे प्रदेश की बड़ी उपलब्धि बताया।


नक्सलवाद पर जीरो टॉलरेंस का दावा
नेताम ने कहा कि केंद्र की जीरो टॉलरेंस नीति, प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा सुरक्षा बलों के साहस से 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ सहित देश को नक्सलवाद से मुक्त किया गया। उन्होंने बस्तर में ‘नियद नेल्लानार’ योजना, बस्तर ओलंपिक्स और बस्तर पण्डुम को विकास और जनभागीदारी से जोड़ने वाली पहल बताया।


51 हजार करोड़ से अधिक के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से रेल लाइन, दोहरीकरण और फ्लाईओवर जैसी परियोजनाएं चल रही हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना में 32 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास, सड़क परियोजनाओं और रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर व अंबिकापुर की हवाई कनेक्टिविटी को भी उन्होंने उपलब्धियों में शामिल किया।


नेताम ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेशभर में 1.5 करोड़ से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। रायपुर में 25 लाख से अधिक दीये जलाने का दावा करते हुए उन्होंने इसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज उपलब्धि बताया।


पत्रकार वार्ता में विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!