रायपुर। गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने पहुंची पुलिस टीम से विवाद और झूमाझटकी करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, निर्धारित समय के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिसकर्मियों ने डीजे बंद कराने के लिए समझाइश दी, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम से बहस शुरू कर दी।
आरोप है कि समझाइश के बावजूद आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से अश्लील गाली-गलौज और धमकी देते हुए धक्का-मुक्की एवं झूमाझटकी की। इससे कानून-व्यवस्था ड्यूटी में बाधा उत्पन्न हुई। मामले में सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 513/2026 दर्ज किया गया है।
पुलिस ने जांच के दौरान विजय तांडी, विशाल तांडी, दीपक तांडी और भीम महानंद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद चारों को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय तांडी (27), विशाल तांडी (29), दीपक तांडी (36) और भीम महानंद (32), सभी निवासी जगन्नाथ नगर, पंडरी, रायपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 221, 224, 132(ए) और 191(1) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता या झूमाझटकी करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
