Advertisement Carousel

रोजगार मेले में 5 हजार से ज्यादा युवाओं का चयन, 1100 को मुख्यमंत्री ने सौंपे ऑफर लेटर

रायपुर। राजधानी में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला-2026 का बुधवार को समापन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में करीब 1100 चयनित युवाओं को ऑफर लेटर सौंपे। 7 और 8 अक्टूबर को आयोजित मेले में प्रदेशभर से 13 हजार से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया, जबकि विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया के बाद 5 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल प्रशिक्षण और उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर छत्तीसगढ़ में ही मिलें और वे आत्मनिर्भर बनकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदार बनें।

ढाई साल में 925 रोजगार मेले

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 925 रोजगार मेलों का आयोजन किया गया है। इनके माध्यम से 25 हजार 845 से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। इस रोजगार मेले में 95 से अधिक पंजीकृत नियोक्ता संस्थानों और विभिन्न कंपनियों ने हिस्सा लिया। करीब 50 स्टॉल के जरिए अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन, साक्षात्कार और चयन की प्रक्रिया पूरी की गई।

ई-रोजगार पोर्टल बनेगा ‘स्किल मार्केट’

सरकार ई-रोजगार पोर्टल को ‘स्किल मार्केट’ के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रही है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर युवाओं की शैक्षणिक योग्यता और कौशल के साथ उद्योगों की जरूरत और रिक्तियों की जानकारी उपलब्ध होगी। इससे युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप नौकरी तलाशने और कंपनियों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित जनप्रतिनिधि, औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। इस दौरान पॉलिटेक्निक संस्थानों की गुणवत्ता सुधार के लिए क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया की थर्ड पार्टी मूल्यांकन रिपोर्ट का भी विमोचन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!