Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ के IPS संतोष सिंह को बड़ी जिम्मेदारी, दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा संभालेंगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत संतोष सिंह को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में डीआईजी के रूप में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की सुरक्षा व्यवस्था की कमान दी गई है।

संतोष सिंह अपने सुरक्षा प्रबंधन के अनुभव और प्रशासनिक दक्षता के लिए पहचाने जाते हैं। नई जिम्मेदारी के तहत वे दिल्ली की लाइफलाइन कही जाने वाली मेट्रो की विभिन्न लाइनों, स्टेशनों और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई शहरों को भी जोड़ता है। नेटवर्क में 271 स्टेशन हैं और यहां प्रतिदिन लाखों यात्री सफर करते हैं। 17 सितंबर को दिल्ली मेट्रो में एक दिन में करीब 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही का रिकॉर्ड दर्ज किया गया था।

नौ जिलों में SP/SSP रह चुके हैं

संतोष सिंह छत्तीसगढ़ के नौ जिलों में एसपी/एसएसपी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इनमें रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव शामिल हैं। इसके अलावा वे सुकमा में एएसपी और दुर्ग में सीएसपी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वे सामुदायिक पुलिसिंग और संवेदनशील पुलिसिंग के प्रयोगों के लिए भी जाने जाते हैं।

रणनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा का अनुभव

दिल्ली मेट्रो की जिम्मेदारी संभालने से पहले संतोष सिंह हैदराबाद में डीआईजी साउथ जोन-2 के पद पर कार्यरत थे। इस जिम्मेदारी के तहत वे आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के औद्योगिक एवं रणनीतिक प्रतिष्ठानों तथा पूर्वी तट के बंदरगाहों की सुरक्षा व्यवस्था देख रहे थे। सुरक्षा क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव को देखते हुए दिल्ली मेट्रो जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था की सुरक्षा की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!