Advertisement Carousel

रायपुर में ड्रग्स का बड़ा खुलासा: 2 महिला और एक ट्रांसजेंडर गिरफ्तार, 1.47 लाख की MDMA जब्त

शंकर नगर के रेमेडी सैलून एवं वेलनेस सेंटर में पुलिस की रेड, 14.73 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद; ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की भी होगी जांच

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.73 ग्राम एमडीएमए जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 47 हजार 300 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई शंकर नगर के पास स्थित रेमेडी सैलून एवं वेलनेस सेंटर में की गई।

पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि खम्हारडीह थाना क्षेत्र के रेमेडी सैलून एवं वेलनेस सेंटर में कुछ महिलाओं द्वारा एमडीएमए ड्रग्स की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां दो महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर मौजूद मिले। तलाशी के दौरान उनके पास से एमडीएमए बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशा नायक (27), निवासी सुपेला, दुर्ग; कृष्णा तिवारी (29), निवासी मोवा, रायपुर; और हेमंत थापा (36), निवासी अवंति विहार, रायपुर के रूप में की है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ खम्हारडीह थाने में अपराध क्रमांक 405/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम की धारा 21(सी) में मामला दर्ज किया है।

ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब मामले में ड्रग्स की सप्लाई कहां से हुई और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के आधार पर ड्रग्स के स्रोत और आगे की सप्लाई से जुड़े लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई को राजधानी में नशीले पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!