डॉक्टर के सूने मकान को बनाया था निशाना, 47.64 लाख नकद और सोने-चांदी के जेवर बरामद; मुख्य आरोपी अब भी फरार
भिलाई। दुर्ग पुलिस ने वैशाली नगर क्षेत्र में डॉक्टर के सूने मकान में हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने भिलाई से उत्तर प्रदेश तक पीछा किया और गोंदिया, नागपुर, मिर्जापुर तथा भदोही में दबिश दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 64 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। चोरी के गहनों को जमीन में गाड़कर छिपाया गया था, जबकि एक ज्वेलर्स द्वारा सोने को भट्टी में गलाए जाने की बात भी सामने आई है।
जांच में चोरी की रकम से एक्सयूवी कार और बाइक खरीदने की जानकारी मिली है। पुलिस ने इन वाहनों के साथ एक इनोवा वाहन भी जब्त किया है। मामले का मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ फिलहाल फरार है। गिरफ्तार नौ आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों तथा चोरी की शेष संपत्ति की तलाश कर रही है।
