स्थानीय सहमति और नगर पालिका की अनुमति के बिना निर्माण कराने का आरोप; विधायक ने काम तत्काल रोकने की मांग की
दंतेवाड़ा जिले के बचेली में NMDC प्रबंधन द्वारा मुख्य मार्गों पर गेट निर्माण कराए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया है कि स्थानीय लोगों की सहमति और नगर पालिका की अनुमति (NOC) के बिना ही काम कराया जा रहा है।
विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि गेट निर्माण से आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। शिकायत मिलने पर क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी मौके पर पहुंचे और NMDC अधिकारियों के सामने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने निर्माण कार्य तत्काल रोकने और स्थानीय लोगों की सहमति के बिना आगे कोई कदम नहीं उठाने की मांग की।
इस दौरान विधायक ने अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “इस क्षेत्र का विधायक मैं हूं। मेरी इजाजत के बगैर यहां का एक पत्ता तक नहीं हिलेगा। मुझे कानून मत सिखाओ, मेरा गुस्सा महेंद्र कर्मा ने देखा था।”
विधायक ने स्पष्ट किया कि जनता की सुविधाओं और हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब देखना होगा कि NMDC प्रबंधन इस विरोध और आपत्तियों पर क्या रुख अपनाता है।
