Advertisement Carousel

पत्रकारों के खिलाफ दर्ज राजनीतिक प्रकरण होंगे वापस – उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने घोषणा की है कि प्रदेश में पूर्ववर्ती सरकार द्वारा लगाए गए राजनीतिक विद्वेषपूर्ण प्रकरणों को वापस लिया जाएगा। उन्होंने रायगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि जिले में ऐसे नौ मामलों में से दो पहले ही वापस लिए जा चुके हैं, जबकि शेष सात मामलों को भी जल्द ही निरस्त किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पत्रकारों के खिलाफ दर्ज राजनीतिक प्रकरणों को भी वापस लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार न्याय की नीति पर काम कर रही है और पूर्व सरकार द्वारा की गई गलतियों को सुधारा जाएगा।

विजय शर्मा नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर रायगढ़ दौरे पर थे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन में भी शिरकत की। उन्होंने दावा किया कि राज्य में सभी नगरीय निकायों में भाजपा की सरकार बनेगी और पार्टी के सभी प्रत्याशी विजयी होंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार केवल घोटालों के मैनेजमेंट में माहिर थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बघेल सरकार के कार्यकाल में पीएससी, शराब और कोयला घोटाले किए गए।

2026 तक बस्तर में शांति

बस्तर क्षेत्र में नक्सल समस्या पर बोलते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 2026 तक इस क्षेत्र में पूरी तरह शांति बहाल होगी और नक्सलवाद का खात्मा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में ठोस कार्ययोजना बना रही है और जल्द ही सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

इस दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं को निकाय चुनावों में मजबूती से लड़ने और भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

error: Content is protected !!