‘पुष्पा’ स्टाइल में कार मॉडिफाई कर दरवाजों और बैक लाइट में छुपाकर लाया जा रहा था गांजा
17.65 लाख की संपत्ति जब्त, फरार सरगना की तलाश तेज
रायगढ़। उड़ीसा से गांजा तस्करी का ऐसा फिल्मी तरीका सामने आया है, जिसे देखकर पुलिस भी दंग रह गई। आरोपियों ने चर्चित फिल्म Pushpa: The Rise की तर्ज पर अपनी कार को मॉडिफाई कर दरवाजों और बैक लाइट के भीतर गुप्त चेंबर बना रखे थे, जिनमें करीब 29 किलो गांजा छुपाकर लाया जा रहा था।
थाना लैलूंगा और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा। उनके कब्जे से 29.115 किलोग्राम गांजा, गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति सुजुकी रिट्ज कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 17.65 लाख रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh के निर्देशन में जिले में नशे के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि पत्थलगांव क्षेत्र का एक व्यक्ति उड़ीसा से गांजा लाकर रायगढ़ के रास्ते अन्य राज्यों में सप्लाई करता है।
सूचना के आधार पर पाकरगांव अटल चौक के पास घेराबंदी की गई। शाम करीब 6 बजे चॉकलेट रंग की संदिग्ध रिट्ज कार (CG-13-UG-9683) दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया तो आरोपी कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर रोक लिया।
कार में सवार आरोपियों ने अपना नाम श्रवण कुमार निषाद और महेंद्र प्रसाद चौहान बताया। पहले दोनों ने तस्करी से इनकार किया, लेकिन जब वाहन की बारीकी से जांच की गई तो दरवाजों और बैक लाइट के अंदर बनाए गए गुप्त चेंबर से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार श्रवण कुमार निषाद के पास से 19.033 किलो और महेंद्र प्रसाद चौहान के पास से 10.082 किलो गांजा जब्त किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि रामकुमार कुजूर निवासी महेशपुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर ने उन्हें प्रति 10 किलो गांजा लाने पर 10 हजार रुपये देने का लालच दिया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी रामकुमार कुजूर की तलाश जारी है।
