रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल द्वारा पुडुचेरी में चुनावी अभियान वाहन को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को भ्रामक और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति करती रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के रूप में पूरे देश में अपने चुनावी अभियानों को सुव्यवस्थित संगठनात्मक ढांचे के माध्यम से संचालित करती है। विभिन्न राज्यों के संगठन अभियान से जुड़े संसाधनों—जैसे प्रचार वाहन, तकनीकी उपकरण और अभियान टीमें—को साझा करते हैं, जिससे चुनावी अभियान अधिक प्रभावी, संगठित और किफायती बनता है।
उज्ज्वल दीपक ने बताया कि जिस वाहन को लेकर कांग्रेस सवाल उठा रही है, वह प्रधानमंत्री Narendra Modi की जनसभाओं के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया कस्टम अभियान वाहन है, जिसका उपयोग अलग-अलग राज्यों में बड़े जनसंपर्क कार्यक्रमों के दौरान किया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस विषय को अनावश्यक विवाद बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान छत्तीसगढ़ को चुनावी “एटीएम” कहा जाता था, जहां से असम और पंजाब जैसे राज्यों के चुनाव अभियानों के लिए संसाधन जुटाने के आरोप लगे थे। यह सब पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel के नेतृत्व में हुआ।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा पारदर्शिता, संगठनात्मक मजबूती और विकास के एजेंडे के साथ चुनाव लड़ती है। कांग्रेस को निराधार आरोप लगाने के बजाय अपने अतीत और वित्तीय पारदर्शिता पर देश को जवाब देना चाहिए।
