Advertisement Carousel

पुलिस का अवैध कबाड़ कारोबार पर बड़ा प्रहार, 2180 किलो लोहा जब्त, कबाड़ दुकान सील… भिलाई का कारोबारी गिरफ्तार


रायपुर। राजधानी में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टाटीबंध स्थित एक कबाड़ दुकान पर छापा मारकर 2180 किलो अवैध लोहा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दुकान को तत्काल सील कर दिया गया, जबकि संचालक अरमान अहमद (24 वर्ष), निवासी भिलाई, के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।


थाना आमानाका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बिलासपुर बायपास रोड स्थित कबाड़ दुकान में अवैध रूप से लोहे का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान दुकान संचालक पुलिस को सामान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।


पुलिस ने मौके से 1200 किलो लोहे का पतरा, 700 किलो गोल पाइप, 100 किलो चौकोर पाइप, 180 किलो लोहे का एंगल तथा कटिंग टॉर्च सहित गैस सिलेंडर जब्त किया। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपए आंकी गई है।


जांच में दुकान का संचालन पूरी तरह अवैध पाए जाने पर पुलिस ने दुकान को सील कर दिया। आरोपी के खिलाफ धारा 35(1) BNSS के तहत अपराध दर्ज कर धारा 35(3) BNSS का नोटिस जारी किया गया है। साथ ही संबंधित विभागों को भी आगे की कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है।


पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (जोन पश्चिम) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस उपायुक्त देवांश सिंह राठौर के निर्देशन में थाना आमानाका पुलिस टीम ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!