Advertisement Carousel

सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हाटकेश्वरनाथ मंदिर में सदाशिव स्वरूप के दर्शन को उमड़ी भीड़


रायपुर। सावन के पहले सोमवार पर राजधानी रायपुर के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और विशेष अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा।


प्रमुख हाटकेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, फल-फूल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मंदिर में भगवान शिव का सदाशिव स्वरूप में आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से भव्य रूप दिया गया था, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।


सुबह से ही मंदिर के बाहर दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति और प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने में जुटे रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात रहा।


सावन के पहले सोमवार के अवसर पर शहर के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ देखने को मिली। दिनभर जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन होता रहा। पूरे वातावरण में शिवभक्ति और आस्था की अनूठी छटा देखने को मिली।

error: Content is protected !!