Advertisement Carousel

CMHO के जाली हस्ताक्षर से बनाया फर्जी ट्रांसफर आदेश, भाजपा के दो पदाधिकारी समेत चार गिरफ्तार


बलौदाबाजार। स्वास्थ्य विभाग में फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार कर उसका इस्तेमाल करने के मामले में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पलारी पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए ग्रामीण चिकित्सा सहायक सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा के जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी और जिला उपाध्यक्ष पुनिराम पटेल के अलावा दो ग्रामीण चिकित्सक शामिल बताए गए हैं।


पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के जाली हस्ताक्षर और कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार किया। इसके बाद इस आदेश को असली दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत किया गया। प्रारंभिक जांच में दस्तावेजों में कूटरचना और फर्जी हस्ताक्षर किए जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।


पलारी पुलिस ने जांच के दौरान दस्तावेजों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने बेईमानीपूर्वक कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसे वास्तविक बताकर उपयोग किया।
मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था और इस पूरे मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। पुलिस द्वारा दस्तावेजों की जांच के साथ आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!