बलरामपुर। जिला शिक्षा विभाग में करीब 4 करोड़ 51 लाख रुपए की कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव पर नियमों के विपरीत खरीदी करने के आरोप लगे हैं। मामले की शिकायत वाड्रफनगर के अधिवक्ता अभिषेक यादव ने कलेक्टर से की थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जांच टीम गठित कर मामले की जांच कराई। बताया जा रहा है कि जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि हुई है। जांच टीम ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की है।
निलंबन और बैंक खाते पर होल्ड की अनुशंसा
जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट में जिला शिक्षा अधिकारी के निलंबन के साथ बैंक खाते पर होल्ड लगाने की अनुशंसा की है। हालांकि, मामले में अंतिम कार्रवाई प्रशासनिक स्तर पर होना बाकी है।
वहीं, मामले को लेकर प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 4.51 करोड़ रुपए से जुड़े इस कथित गबन और खरीदी अनियमितता के मामले ने शिक्षा विभाग में खलबली मचा दी है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की नजर है।
