Advertisement Carousel

निर्माण श्रमिकों के 200 मेधावी बच्चों का होगा सम्मान


रायपुर। निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए 24 अगस्त को रायपुर में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में दोपहर 12 बजे होने वाले इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह भी समारोह में मौजूद रहेंगे।


शैक्षणिक और खेल प्रतिभाओं का सम्मान
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत आयोजित समारोह में वर्ष 2025-26 में शैक्षणिक एवं खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा वर्ष 2026-27 में कक्षा छठवीं में नवप्रवेशित 200 प्रतिभावान विद्यार्थियों का भी सम्मान होगा। योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है।


1.45 लाख श्रमिकों को 39.67 करोड़ की सहायता
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्रम विभाग की 18 श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 1 लाख 45 हजार 841 पंजीकृत श्रमिकों के बैंक खातों में 39 करोड़ 67 लाख रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित करेंगे। इससे श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।


राज्य सरकार के अनुसार श्रमिकों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के साथ बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। सम्मान समारोह को इसी दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

error: Content is protected !!