रायपुर। भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए उन पर भारत की संस्कृति, सभ्यता और विरासत का अपमान करने का आरोप लगाया है।
संतोष पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह जानकारी होनी चाहिए कि देश में कई महिलाएं मुख्यमंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।
उन्होंने सुचेता कृपलानी, नंदिनी सतपथी, शशिकला काकोदकर, सैयदा अनवरा तैमूर, जयललिता, मायावती, राबड़ी देवी, सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित, उमा भारती, वसुंधरा राजे, ममता बनर्जी, आनंदीबेन पटेल और महबूबा मुफ्ती समेत कई महिला मुख्यमंत्रियों का उल्लेख किया।
पांडेय ने कहा कि भाजपा महिला शक्ति का सम्मान करती है, जबकि कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता लगातार सामने आती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाए जाने के दौरान भी कांग्रेस नेताओं ने इसका विरोध किया था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण के माध्यम से नेतृत्व का अवसर दिया जा रहा है, जबकि कांग्रेस समेत विपक्षी दल इसका विरोध कर रहे हैं। पांडेय ने कहा कि कांग्रेस के इसी रवैये के कारण पार्टी देश में लगातार कमजोर होती जा रही है।
