Advertisement Carousel

इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीव शिकार पर बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार


बीजापुर। इन्द्रावती टाइगर रिजर्व में वन विभाग ने वन्यजीव शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में वन्यप्राणी का मांस, संभावित रूप से नीलगाय का मांस और शिकार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई है।


मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर परिक्षेत्र पासेवाड़ा के अंतर्गत ग्राम नीतिकाकलेर क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने 19 अगस्त को दबिश दी। मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


बारिश के बीच जारी रही गश्त
मानसून के दौरान लगातार बारिश, नदी-नालों का बढ़ा जलस्तर और कठिन आवागमन के बावजूद इन्द्रावती टाइगर रिजर्व का मैदानी अमला संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त कर रहा है। वन विभाग के मुताबिक कार्रवाई मजबूत सूचना तंत्र और सतत निगरानी का परिणाम है।


टाइगर रिजर्व के संवेदनशील इलाकों में वन अपराध और अवैध शिकार पर नियंत्रण के लिए निगरानी और सूचना तंत्र को और मजबूत किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


वन विभाग ने ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों से वन अपराध, अवैध शिकार अथवा वन्यजीवों से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल निकटतम वन विभाग कार्यालय को देने की अपील की है।


कार्रवाई में अधीक्षक इन्द्रावती टाइगर रिजर्व, परिक्षेत्र अधिकारी फरसेगढ़, पासेवाड़ा, सेण्ड्रा, कुटरू बफर, कुटरू कोर और मद्देड़ बफर सहित टाइगर रिजर्व का मैदानी अमला शामिल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!