भिलाई। HTC कंपनी के डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह छोटू की भिलाई स्थित फैक्ट्री और कंपनी से जुड़े अन्य ठिकानों पर GST विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच स्टेट GST की टीम कंपनी परिसर पहुंची और ऑफिस व गोदाम में जांच शुरू की।
GST अधिकारियों की टीम कंपनी के दस्तावेज, कारोबारी रिकॉर्ड और अन्य जरूरी अभिलेखों की पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि GST की एक टीम बलौदाबाजार स्थित कंपनी के यार्ड में भी पहुंची है, जहां कंपनी के कारोबार से जुड़े दस्तावेजों और गतिविधियों की जांच की जा रही है।
कंपनी के पास 1500 से अधिक ट्रक होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में GST टीम वाहनों के संचालन, कारोबार और उनसे जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। अधिकारियों द्वारा कंपनी के GST रिकॉर्ड और उपलब्ध दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है।
भिलाई और बलौदाबाजार स्थित अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ जांच की खबर से कंपनी परिसर में हलचल बढ़ गई है। फिलहाल GST अधिकारियों की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि रिकॉर्ड की जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं और आगे विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
