गरियाबंद। जिले में पुलिस और स्पेशल टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हीरे की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 34 नग बिना तराशे हुए हीरे बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 63 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आरोपी नहरगांव स्कूल के पास ग्राहकों की तलाश में संदिग्ध रूप से घूम रहा था। इसी दौरान पुलिस और स्पेशल टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से कच्चे हीरे बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का नाम बंशी शेट्टी (50 वर्ष) पिता डमरू शेट्टी, निवासी धोबीपारा, भवानीपटम, जिला कालाहांडी (उड़ीसा) है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी इन हीरों को कहां से लाया और किसे बेचने की फिराक में था।
