दुर्ग। जिले में ‘फॉर्च्यून’ ब्रांड के मैदे को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भोपाल की प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट में मैदे में तय सीमा से अधिक कीटनाशक पाए जाने की पुष्टि हुई है। जांच के बाद संबंधित मैदे को असुरक्षित घोषित कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने निर्माण तिथि 28 फरवरी 2026 वाले 500 ग्राम पैक के संबंधित बैच की बिक्री, भंडारण और वितरण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। पूरे जिले में निषेधात्मक आदेश जारी करते हुए दुकानदारों और खाद्य कारोबारियों को अपने पास उपलब्ध इस बैच के स्टॉक को तत्काल रिकॉल करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने कारोबारियों को चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित मैदे की बिक्री, भंडारण या वितरण करते पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा जिले में संबंधित उत्पाद के स्टॉक की जांच और निगरानी भी की जा रही है।
